BJP के दूल्हों की बारातें बैरंग वापस लौटाएंगे कांग्रेस के दूल्हे: अग्निहोत्री

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2019 - 10:32 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इन लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पूरे दमखम के साथ उतरेगी और भाजपा की गीदड़ भभकियों का कांग्रेस पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। यहां जारी बयान में मुकेश ने कहा कि यह चुनाव भाजपा के लिए वाटर लू साबित होगा और झूठे व हवाई जुमलों के विरुद्ध जनता अपना जनादेश देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा के सम्मेलनों से ही अपनी पीठ न थपथपाएं। 

असल में जनता अपने निर्णय के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सुजानपुर में कांग्रेस के दूल्हे की परफॉर्मेंस देखी है। अब लोस चुनावों में भी ऐसे दूल्हे आएंगे जो सजकर बैठे भाजपा के दूल्हों की बारात को बैरंग वापस करेंगे। कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है जिसके चलते भाजपा परेशान है। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को जब अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है। टिकट काट कर वरिष्ठ नेताओं को घर बैठाया जा रहा है तो ऐसे में मुख्यमंत्री के मुंह से कांग्रेस को पढ़ाया जा रहा पाठ स्वयं उनके लिए हंसी का कारण बन रहा है।





 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News