कृषि विधेयकों का विरोध करके कांग्रेस ने उड़ाया अपना मजाक : सुरेश कश्यप

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2020 - 05:08 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने आरोप लगाया है कि संसद से कृषि विधेयकों का विरोध करके कांग्रेस पार्टी ने अपना मजाक उड़ाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में चुनाव के समय जारी घोषणा पत्र में कांग्रेस ने किसानों से जो वायदे किए थे, उसके नेता आज इसके विपरीत अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि सोनिया गांधी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कह रही हैं कि वे केंद्र सरकार के कानून की अनदेखी करें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यह कह रहे हैं कि केंद्र सरकार ने किसानों को मौत की सजा दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा कहना किसानों की भावनाओं को भड़काने के समान है।

अपने घोषणा पत्र को जरा ध्यान से पढ़ें कांग्रेस नेता

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपने घोषणा पत्र को जरा ध्यान से पढ़ें कि उनकी तरफ से किसानों से 11वां और 12वां वायदा क्या किया गया था? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उस समय सत्ता में आने की स्थिति में मंडी व्यवस्था (एपीएमसी एक्ट) को समाप्त करने तथा कृषि वस्तुओं के निर्यात और अंतर्राज्यीय प्रतिबंधों को हटाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तो मंडी व्यवस्था को कायम रखते हुए किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का दृढ़ता से पालन भी कर रही है।

अडवानी-जोशी सहित 32 के बरी होने पर जताई प्रसन्नता

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने 28 साल बाद बाबरी मस्जिद मामले में वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण अडवानी और मुरली मनोहर जोशी सहित 32 अन्य आरोपियों को बरी करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के माध्यम से यह ऐतिहासिक फैसला सामने आया है। इससे स्पष्ट हो गया है कि बाबरी मस्जिद गिराने की घटना अचानक हुई थी और तस्वीरों के आधार पर किसी को दोषी करार नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल जैसे नेता भी ढांचे को सुरक्षित रखने के पक्ष में थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News