Himachal: मंत्री विक्रमादित्य सिंह की पोस्ट पर BJP ने घेरी सुक्खू सरकार, CM की चुप्पी पर उठाए गंभीर सवाल

punjabkesari.in Wednesday, Jan 14, 2026 - 03:50 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मुद्दे पर सुक्खू सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने शिमला में जारी एक बयान में आरोप लगाया कि प्रदेश का प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह दिशाहीन हो चुका है और अफसरशाही बेलगाम हो गई है।

अधिकारी खुद को समझने लगे हैं जवाबदेही से ऊपर
संजीव कटवाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के संरक्षण में कुछ अधिकारी खुद को जवाबदेही से ऊपर मानने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है। भाजपा का स्पष्ट कहना है कि पार्टी ने कभी ईमानदार अधिकारियों का विरोध नहीं किया, लेकिन भ्रष्ट आचरण, कमीशनखोरी और जनता के पैसों की लूट में शामिल अफसरों के खिलाफ आवाज उठाना बंद नहीं करेगी। उन्होंने केंद्र से मिलने वाली धनराशि के दुरुपयोग और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

बाहरी राज्यों के अधिकारियों पर टिप्पणी संवैधानिक मर्यादा के खिलाफ
संजीव कटवाल ने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश के बाहर से आए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर की जा रही टिप्पणियां संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है, यहां देश के हर कोने से आए अधिकारियों ने समर्पण भाव से सेवा की है। ऐसी बयानबाजी हिमाचल की उस परंपरा को चोट पहुंचाती है। संजीव कटवाल ने स्पष्ट किया कि असली मुद्दा यह नहीं है कि अधिकारी किस राज्य से हैं, बल्कि यह है कि वे अपना काम ईमानदारी से कर रहे हैं या नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को संविधान और सेवा नियमों के तहत निष्पक्ष रूप से कार्य करना चाहिए, यही लोकतंत्र की नींव है।

प्रदेश की गरिमा से समझौता नहीं करेगी भाजपा
संजीव कटवाल ने अंत में चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीतिक संरक्षण में की जा रही मर्यादाहीन बयानबाजी से जनता का विश्वास टूट रहा है। भाजपा ने साफ कर दिया है कि प्रदेश की गरिमा, जनता के सम्मान और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में पार्टी कोई समझौता नहीं करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News