विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान से की मुलाकात, हिमाचल सड़क परियोजनाओं पर की चर्चा
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 02:13 PM (IST)
हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस उच्च स्तरीय बैठक का मुख्य केंद्र राज्य में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत चल रही परियोजनाओं की प्रगति और दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी रहा।
डोडरा-क्वार के लिए 'विशेष रियायत' की मांग
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला जिले के सबसे सुदूर क्षेत्र डोडरा-क्वार की लंबित सड़क परियोजनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि भौगोलिक विषमताओं और प्रतिकूल मौसम के कारण PMGSY-I का एक हिस्सा अभी भी अधूरा है। सड़क सुविधा न होने से आपातकाल, बीमारी और राशन आपूर्ति के समय स्थानीय लोगों को भारी कष्ट उठाना पड़ता है। उन्होंने केंद्र से डोडरा-क्वार के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता और तकनीकी नियमों में विशेष छूट देने का आग्रह किया ताकि इसे 'ऑल वेदर रोड' (हर मौसम में खुली रहने वाली सड़क) बनाया जा सके।

केंद्र का आश्वासन
बैठक के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश को PMGSY-IV के तहत लगभग 1,500 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों की मंजूरी मिल चुकी है, जिस पर करीब 2,300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा राज्य सरकार ने 1,200 किलोमीटर नई सड़कों का एक और प्रस्ताव केंद्र को भेजा है। लोक निर्माण विभाग वर्तमान में इन सड़कों की डीपीआर (DPR) तैयार करने में जुटा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिमाचल की कठिन परिस्थितियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए आश्वासन दिया कि डोडरा-क्वार सहित अन्य लंबित मामलों और वित्तीय स्वीकृतियों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

