हिमाचल में जल्द होनी चाहिए भाजपा अध्यक्ष और मंत्रियों की नियुक्ति : सत्ती

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2020 - 07:55 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष जल्द बन जाना चाहिए। मंत्री भी शीघ्र बना देने चाहिए जिससे पार्टी को नुक्सान न हो। पंजाब केसरी टीवी के साथ बातचीत में सत्ती ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता अध्यक्ष की योग्यता रखता है। भाजपा कार्यकर्ता ग्राऊंड लेवल से उठकर आगे बढ़ते हैं। 3 महीने से सभी नेता कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई लडऩे में व्यस्त थे। अब सभी गतिविधियां शुरू हो गई हैं तो पार्टी को अध्यक्ष जल्द मिल जाना चाहिए। पार्टी अध्यक्ष न बन पाने से असमंजस का माहौल बना हुआ है। अध्यक्ष बनने से सोशल मीडिया पर उठ रहीं अफवाहों पर भी विराम लग जाएगा। हाईकमान को जल्द किसी न किसी कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप देनी चाहिए।

भाजपा पर सवाल उठाने से पहले अपने घर में झांके कांग्रेस

सत्ती ने कहा कि कांग्रेस में जिस प्रकार खलल पड़ा है ऐसा भाजपा में कुछ नहीं है। कांग्रेस नेता मनगढ़ंत बातें करते हैं। आज कांग्रेस की हालत खराब है। कांग्रेस के कई नेता चले गए हैं और कई जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाप्ति की तरफ जा रही है। भाजपा की चिंता करने की कांग्रेस को कोई जरूरत नहीं है। हिमाचल में कभी कौल सिंह मीटिग कर रहे हैं, पूर्व सीएम वीरभद्र के घर में लंच पार्टी होती है और उसमें आधे कांग्रेसी जाते हैं और आधे नहीं। कई लोग कुलदीप राठौर के विरोध में लैटर लिख रहे हैं। उनको हटाने की बातें हो रही हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू अलग मीटिंग कर रहे हैं। नेता विपक्ष किसी मीटिंग में जाते हैं और किसी में नहीं। उनका अलग ही धड़ा चल रहा है। कांग्रेस का आपस में कहीं कोई तालमेल नहीं है। भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने घर में झांकना चाहिए।

सोशल मीडिया पर बिना जानकारी के पोस्ट डालना सही नहीं

सोशल मीडिया पर प्रदेशाध्यक्ष पद पर एक महिला का नाम आने के सवाल पर सत्ती ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई बार बिना जानकारी के कोई पोस्ट डाल देता है। इसके बाद सभी लोग बिना जानकारी के उसे फॉलो व लाइक करना शुरू कर देते हैं, इससे कई बार असमंजस का माहौल बनता है। सोशल मीडिया पर सभी को जिम्मेदारी से ही काम करना चाहिए। जब भी कोई पोस्ट आए और कन्फर्म न हो तो उसे लाइक नहीं करना चाहिए और न ही बधाई देनी चाहिए। एक वरिष्ठ नेता द्वारा पोस्ट डालने को उन्होंने गलत करार दिया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बनता है तो उसकी प्रथम नोटीफिकेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष के माध्यम से मीडिया के लिए जारी होती है। इसके अलावा भाजपा की ऑफिशियल वैबसाइट पर भी यह नोटीफिकेशन डाली जाती है।

कोरोना महामारी के कारण बंद हैं कमेटी की बैठकें

सत्ती ने कहा कि कोर कमेटी की बैठकें कोरोना महामारी के कारण बंद हैं। केवल वर्चुअल रैली और मीटिंग हो रही हैं। कई समितियां नहीं बनी हैं। मंत्री जरूर बनने चाहिए। मंत्रियों की 3 पोस्टें खाली हैं। सीएम के पास 12 से 14 डिपार्टमैंट हैं। मंत्री जल्द बनेंगे तो जनता के काम भी होंगे। संगठन और सरकार ठीक चल रहे हैं। हाईकमान के व्यस्त होने के कारण नैशनल स्तर पर कई घटनाएं हुईं जैसे कोरोना महामारी, चीन के साथ तनाव, पूरे विश्व को अलग से डील करने में सीनियर लीडर लगे हुए थे। शायद इस कारण अभी तक मंत्रियों की नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं।

भाजपा में अलग-अलग नहीं होते संगठन और सरकार

सत्ती ने कहा कि किसी में भी मतभेद नहीं होने चाहिए। मतभेद हो जाते हैं और विचार में भिन्नता हो जाती है लेकिन ऐसे मामले मीडिया में नहीं जाने चाहिए। संगठन के व्यक्ति ही संगठन को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। सरकार रिपीट हो इस दिशा में सभी को काम करने चाहिए। भाजपा में जो भी निर्णय होते हैं वह बातचीत करके ही होते हैं। मंत्रिमंडल भी सभी से बातचीत करके ही होगा। संगठन और सरकार भाजपा में अलग-अलग नहीं होता है। संगठन अच्छा काम कर रहा है तो उसमें सरकार का सहयोग होता है और सरकार अच्छी चल रही है तो उसमें भी संगठन का योगदान होता है।

हिमाचल में चल रहे विकास कार्य

सत्ती ने कहा कि हिमाचल में विकास कार्य चल रहे हैं। हर विस क्षेत्र में रिव्यू मीटिंग्स चल रही हैं। सीएम स्वयं वर्चुअल मीटिंग्स कर रहे हैं। हिमाचल में भाजपा तेज गति से आगे बढ़ रही है। कई बातें सुधारने की भी आवश्यकता है। भाजपा फिर से सत्ता में आएगी। संगठन और सरकार जैसे तालमेल से चल रही है वैसे ही आगे भी चलेगी।

जयराम सरकार में बनी अनेक सड़कों की डीपीआर

सत्ती ने कहा कि जब गडकरी हिमाचल में आए थे तो उन्होंने परवाणु से शिमला तक 2600 करोड़ का फोरलेन का काम शुरू किया था। इसका काम अब सोलन तक पहुंच गया है। इसी तरह स्वारघाट से मनाली तक के लिए 2800 करोड़ रुपए दिए थे, जिसका शिलान्यास किया गया था। हमीरपुर में स्वयं आकर घागस से लेकर हमीरपुर तक 300 करोड़ का रोड नैशनल हाईवे को दिया था। उसका काम हुआ। इसके अलावा अनेक सड़कों का कार्य चल रहा है। उस समय कांग्रेस ने 5 साल तक कामों की डीपीआर नहीं बनाई थी। कंसलटैंसी हायर नहीं की गई थी। इसका सैद्धांतिक पत्र भी गडकरी ने सौंप दिया था। जयराम सरकार सत्ता में आई तो कंसलटैंसी दी। अनेक सड़कों की डीपीआर बनी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News