पंजाब केसरी पर GST विभाग की रेड मीडिया की आवाज दबाने की साजिश, सत्ता का दुरुपयोग कर रही आप सरकार: विपिन परमार
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 08:01 PM (IST)
पालमपुर/सुलह: सुलह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने पंजाब केसरी समूह के विभिन्न कार्यालयों पर हुई जीएसटी विभाग (GST) की छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। परमार ने इस कार्रवाई को मीडिया की आवाज दबाने वाली एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया है।
अपने आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करते हुए विपिन सिंह परमार ने लिखा कि पंजाब केसरी ग्रुप के जालंधर, बठिंडा और लुधियाना कार्यालयों पर GST की रेड सच को दबाने की सोची-समझी राजनीतिक साजिश है। भाजपा विधायक ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कार्रवाई सरकार की बौखलाहट को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। परमार ने आगे कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता पर इस तरह का दबाव बनाना लोकतंत्र के लिए घातक है।
प्रैस की स्वतंत्रता का पक्ष लेते हुए विधायक ने कहा कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब भी मीडिया द्वारा सच दिखाने की कोशिश की जाती है तो उसे दबाने के लिए सरकारी तंत्र का सहारा लेना निंदनीय है। गौरतलब है कि पंजाब केसरी समूह के ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा इसे राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से की गई कार्रवाई बता रही है।

