Kangra: पुलिस ने क्लीनिक पर मारा छापा, 1268 प्रतिबंधित कैप्सूल-टैबलेट के साथ पंजाब का व्यक्ति अरैस्ट

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 05:19 PM (IST)

नगरोटा बगवां: कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक क्लीनिक की आड़ में चल रहे प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने क्लीनिक से 1268 प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक क्लीनिक में प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री की जा रही है। इस पक्की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 53 मील से योल मार्ग पर स्थित स्किन एंड ऑर्थो क्लीनिक पर अचानक दबिश दी।

पुलिस ने जब क्लीनिक की गहनता से तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां (कुल 1268 कैप्सूल/टैबलेट) बरामद हुईं। पुलिस ने जब क्लीनिक संचालक से इन प्रतिबंधित दवाइयों को रखने और बेचने से संबंधित वैध लाइसैंस या दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका। पकड़े गए आरोपी की पहचान 43 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले गांव व डाकघर बरहमपुर का निवासी है।

अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाइयां रखने और बेचने के आरोप में पुलिस ने उक्त व्यक्ति को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह यह दवाइयां कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। मामले की आगामी जांच जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News