Shimla: भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने साधा निशाना, कांग्रेस सरकार के खिलाफ कह दी ये बड़ी बात
punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2026 - 07:37 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार झूठ के सहारे सत्ता में आई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मनाली विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को 1500 रुपए देने की घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने झूठ का चोला ओढ़कर हिमाचल प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज महाठग मित्र मंडली पार्टी के रूप में सामने आ चुकी है, जिसने सत्ता प्राप्त करने के लिए महिलाओं की भावनाओं के साथ सबसे बड़ा राजनीतिक छल किया।
प्रियंका गांधी, राजीव शुक्ला और अलका लांबा काे भी घेरा
डेजी ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेता प्रियंका गांधी, राजीव शुक्ला और अलका लांबा ने घर-घर जाकर यह गारंटी दी थी कि हिमाचल प्रदेश की हर महिला को बिना किसी शर्त हर माह 1500 रुपए दिए जाएंगे। उस समय न आय सीमा की बात थी, न क्षेत्र की, न ही किसी तरह की पात्रता की शर्तें रखी गई थीं।
1500 रुपए का हिसाब मांग रहीं महिलाएं
डेजी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल लगभग 80 हजार महिलाओं को 1500 रुपए देने की घोषणा कर रहे हैं, जबकि प्रदेश में महिलाओं की संख्या 28 लाख से अधिक है। यह न केवल महिलाओं के साथ भेदभाव है, बल्कि खुलेआम धोखाधड़ी भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को बने लगभग 3 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन महिलाएं आज भी अपने मुख्यमंत्री से 1500 रुपए का हिसाब मांग रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी खामियों को छिपाने के लिए मनरेगा को लेकर भ्रामक बयानबाजी कर ही है।

