Shimla: नगर निगम नियमों की धज्जियां उड़ाने के साथ महिलाओं का हक भी छीन रही सरकार : जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 08:24 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि नगर निगम में नियमों की धज्जियां उड़ाने के साथ राज्य सरकार मेयर पद पर महिला के हक को छीनने का काम कर रही है। उन्होंने शिमला से जारी बयान में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी मित्र मंडली को उपकृत करने के मोह में लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम शिमला में जो कुछ भी घटित हो रहा है, वह न केवल अलोकतांत्रिक है, बल्कि सीधे तौर पर जनमत का अपमान है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने एक खास मित्र को लंबे समय तक सत्ता के गलियारों में एडजैस्ट करने और उन्हें सत्तासुख दिलाने की खातिर ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षदों को अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक तरीके से सदन से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रकार की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगी तथा इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में अंतर है।

शिमला नगर निगम में मेयर का पद अढ़ाई साल के कार्यकाल के बाद महिला के लिए आरक्षित होना था, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने मित्र की कुर्सी सुरक्षित रखने के लिए नियमों के विपरीत कार्य किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी मित्र मंडली के ऐसे घेरे में कैद हो चुके हैं कि उन्हें उचित-अनुचित और सही-गलत का बोध तक नहीं रहा है। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेशवासियाें को होली की शुभकामनाएं भी दी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News