हार की खीज मिटाने को भाजपा नेता कर रहे उल्टी सीधी ब्यानबाजी : अग्निहोत्री
punjabkesari.in Tuesday, Dec 20, 2022 - 04:26 PM (IST)

नालागढ़ (सतविन्द्र): हिमाचल के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के लोग अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रहे है। अभी कांग्रेस की सरकार बने 4 दिन ही हुए हैं लेकिन भाजपा के लोगों में बौखलाहट साफ देखी जा सकती है। चुनाव में रिवाज बदलने वाली सरकार को अपनी मुंह की खानी पड़ी। हार की खीज मिटाने के लिए वह कांग्रेस सरकार को लेकर उल्टी सीधी ब्यानबाजी कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने विश्वास दिलाया है कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार स्थिर और स्थाई है। जल्द ही विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है और सभी कार्य उसके बाद सुचारू रुप से चलेंगे।
पहली बार डिप्टी सी.एम. बनने के बाद मुकेश अग्निहोत्री का नालागढ़ में कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरदीप बावा ने कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार स्वागत किया। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता अपनी हार के कारणों का पता लगाने की बजाए कांग्रेस की टांग खिचाई में लगे हुए है। प्रदेश की जनता ने भाजपा को सता से बाहर किया है तो उनमें कुछ तो कमी रही होगी। अब अपनी हार पर मंथन करे और जो सरकार जीत कर आई है उसे शांति से काम करने दे।