Shimla:भाजपा ने ईडी, सीबीआई व चुनाव आयोग को हथियार बनाया, हैक हो सकती है ईवीएम: सुक्खू

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 06:06 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने ईडी, सीबीआई व चुनाव आयोग को हथियार बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में साम-दाम-दंड-भेद सभी अपनाए जाते हैं, लेकिन भाजपा वह सब करती है, जिसे कांग्रेस ने कभी नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि ईवीएम को कोई भी कहीं भी हैक कर सकता है और वर्ष, 2014 के लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की मत प्रतिशतता से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी इतनी गई गुजरी नहीं हो सकती थी कि उसे लोकसभा चुनाव में 15 से 20 फीसदी वोट भी न मिले। उस समय वह विधायक होने के बावजूद अपने विधानसभा क्षेत्र में पिछड़ गए थे। इससे कहीं न कहीं शंका जरूर पैदा होती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस 49 वर्ष से सत्ता में नहीं है, फिर भी पार्टी ने चुनाव मैदान में प्रत्याशी उतारे। केरल में कांग्रेस का बेहतर प्रदर्शन रहा है। इसके अलावा असम में जरूर कांग्रेस चुनाव हारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को टीएमसी की एंटी इनकंबैंसी का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि टीएमसी का उदय कांग्रेस की जगह हुआ है, क्योंकि ममता बनर्जी को उनके वोट बैंक का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी 5 से 7 वर्ष में बेहतर रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कुछ विधायकों ने अधिक संपत्ति को कमाया है, जिसकी उन्हेें जानकारी मिली है। आने वाले समय में राज्य सरकार इस विषय को देखेगी। अधिकारियों से जुड़े विषय को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी लड़ाई से चोर दरवाजों का पता चला है। राज्य सरकार सभी चोर दरवाजों को बंद कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी अधिकारी के दोषी पाए जाने पर छोड़ेगी नहीं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाते तो कई विषय सरकार के संज्ञान में नहीं आते। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं राजनीतिक द्वेष से काम नहीं करता, जिसने गलत काम किया है, वह सजा भोगेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार ने सभी 10 गारंटियों को पूरा किया तथा पंचायती चुनाव सत्ता का सैमीफाइनल नहीं है। सैमीफाइनल पहले हो चुका है तथा अब वर्ष, 2027 में सीधे फाइनल होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में जिस भाजपा सरकार ने गैस सिलैंडर के दाम में सीधे 1,000 रुपए बढ़ा दिए हैं, क्या हिमाचल प्रदेश के नगर निगम में शहरी क्षेत्र की जनता भाजपा को वोट देगी? उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आज महंगाई आसमान छू रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा विभाग में सीबीएसई स्कूलों में जाने के लिए ली गई परीक्षा में कोई शिक्षक फेल नहीं हुआ है। सभी शिक्षक क्वालीफाई हुए हैं, सिर्फ ग्रेडिंग के आधार पर शिक्षकों को उनकी पसंद का स्टेशन मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News