CM सुक्खू ने हिमकेयर योजना में अनियमितताओं के खिलाफ जांच के दिए आदेश, भाजपा पर साधा निशाना
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 10:52 AM (IST)
Shimla News : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने पिछली भाजपा नीत सरकार के दौरान शुरू की गई हिमकेयर योजना में कथित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए हैं।
कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के जखबर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, सुक्खू ने स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष किया और आरोप लगाया कि ''पुरुषों की अंडाशय सर्जरी'' के लिए भी दावे किए गए। पिछले महीने बजट सत्र के दौरान भी, मुख्यमंत्री ने सदन को बताया था कि एक आंतरिक ऑडिट में योजना में अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें पुरुषों की अंडाशय सर्जरी के बिल और 'एक्सपायर्ड' लेंस प्रतिरोपण शामिल हैं। हिमकेयर योजना उन परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक के उपचार के लिए निशुल्क कैशलेस कवरेज प्रदान करती है जो केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के दायरे में नहीं हैं। यह योजना पिछली भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई थी।
CM सुक्खू ने लगाया ये आरोप
सीएम सुक्खू ने आरोप लगाया कि जब भाजपा सत्ता में थी, तब राज्य सरकार को उनकी सरकार की तुलना में लगभग 60,000 करोड़ रुपए अधिक प्राप्त हुए थे, लेकिन उसने सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया। सुक्खू ने दावा किया कि भाजपा के कार्यकाल में शिक्षा की गुणवत्ता में गिरावट आई, जिसके चलते हिमाचल प्रदेश 2021 में 21वें स्थान पर खिसक गया। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, कांग्रेस सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं और राज्य अब देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में 5वें स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शाह नहर परियोजना के मुख्य अभियंता का कार्यालय, जिसे पहले फतेहपुर से मंडी स्थानांतरित कर दिया गया था, अब फतेहपुर में ही पुनः स्थापित किया जाएगा। सुक्खू ने क्षेत्र के महिला मंडलों को 20,000 रुपये की वित्तीय सहायता और वजीर राम सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख रुपये की सहायता की भी घोषणा की।

