Shimla: विरोध की राजनीति करती है भाजपा, चुनाव के समय में रेवड़ियां बांटी : सुक्खू
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 08:54 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा विरोध की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से 6 महीने पहले 5 हजार करोड़ रुपए की रेवड़ियां बांटी। उन्होंने केंद्र सरकार की आरडीजी बंद करने को लेकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ने के बाद देश में 21वें स्थान पर पहुंच गया था। वर्तमान राज्य सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में कई सुधार किए तथा पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई आरंभ की। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में लाए गए सुधारों के कारण आज हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। आज प्रदेश में 151 सीबीएसई स्कूल भी खोले जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चियोग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चियोग में अगले वर्ष से सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने और स्कूल के लिए 5.50 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में बिजली की समस्या का समाधान करने के लिए 66 केवी सब-स्टेशन के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपए देने की घोषणा की, जिसे 1 वर्ष के भीतर बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। उन्होंने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के लिए एफआरए के तहत स्वीकृत बंगापानी से चडैल, चियोग से जठाई, धलैऊ से जनुनाला, चियोग से मेहाना, धलैऊ से धार, फागू से सरिवन तथा जुब्बड़ से कढरब सड़कों के लिए समुचित धन उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
उन्होंने धरेच सिंचाई परियोजना के लिए धन उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए कहा कि आज कई मेरे साथी यहां उपस्थित हैं, जिन्होंने जीवन के हर पड़ाव पर उनका साथ दिया है। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम से वह पार्षद बने और यहीं से उनके राजनीतिक करियर की शुरूआत हुई। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं और प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से उन्हें आज प्रदेश की बागडोर संभालने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि पहली बार कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।
प्रधानमंत्री की तरफ से घोषित 1500 करोड़ नहीं मिले
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं एक आम परिवार का दर्द समझता हूं। अधिकारी कहते थे घर बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा नहीं दे सकते, क्योंकि कानून ही ऐसा है लेकिन हमने इन परिवारों को फिर से बसाने के लिए पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घर पर 7 लाख रुपए की राशि दी। प्रदेश में आकर प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ रुपए देने की घोषणा की, लेकिन हमें अभी तक यह पैसा नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए भी राज्य सरकार ने प्रयास किए, जबकि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस क्षेत्र की सुध नहीं ली। हम 20-20 साल पुरानी मशीनों को एम्स दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक मशीनों से बदल रहे हैं। प्रदेश के 4 मैडीकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की शुरूआत की जा चुकी है, जिससे प्रदेश में ही लोगों को वर्ल्ड क्लास इलाज उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इस अवसर पर कहा कि साढ़े तीन साल में कसुम्पटी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रही।
मुख्यमंत्री ने 51.10 करोड़ की 15 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला शिमला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अपने 1 दिवसीय दौरे के दौरान धरेच तथा चियोग में 51.10 करोड़ रुपए की 15 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। उन्होंने 15.23 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली फागू से धरेच सड़क, 7.85 करोड़ रुपए से बनने वाली धरेच से चटोग वाया मांडा सड़क, 4.81 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली डरन से जुब्बड़ सड़क, 1.50 करोड़ रुपए से बनने वाली खेती जुब्बड़ से खद्ररव सड़क, 2 करोड़ रुपए की फागू से सरिऊ सड़क, 2.70 करोड़ रुपए की बंगापानी से चडैल सड़क, 3 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली चियोग से जठाई सड़क, 2.50 करोड़ रुपए की धलेऊ से जनू नाला सड़क, 2.60 करोड़ रुपए से बनने वाली न्होग से कनेशी सड़क, 1 करोड़ रुपए की धलैऊ से धार सड़क, 2 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली क्यानाला से सरोग सड़क, 90 लाख रुपए से बनने वाली चियोग बाजार से गांव मेहाना सड़क, 1 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली तलाई-देहना से गांव करयाल सड़क तथा 1.14 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र एवं पंचायत घर धरेच का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने 2.85 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित चियोग बाइपास सड़क का उद्घाटन भी किया।

