Shimla: सीएम सुक्खू ने अर्पित की पुष्पांजलि, बाेले-देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साहस की कोई मिसाल नहीं

punjabkesari.in Wednesday, Nov 19, 2025 - 05:23 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को ऐतिहासिक रिज पर देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी एक ऐसी शख्सियत थीं, जिनके साहस की कोई मिसाल नहीं मिलती है। वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए उन्होंने अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि बंगलादेश जो उपजा है, वह भी इंदिरा गांधी की ही सोच थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को उनके दिखाए रास्ते पर चलना है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी कांग्रेस पार्टी की प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रतन, हरीश जनारथा, मलेंद्र राजन, रणजीत सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, डीसी अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी और अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देश भक्ति और भजन गायन की प्रस्तुति के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

आपदा पीड़ितों का दर्द समझती है सरकार 
मुख्यमंत्री सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि आपदा पीड़ितों का दर्द सरकार समझती है और राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है। निश्चित तौर पर जब कहीं आपदा आती है तो पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम सरकार की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। वहीं पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

PunjabKesari

इंदिरा गांधी आयरन लेडी ऑफ इंडिया : रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि इंदिरा गांधी एक ऐसा व्यक्तित्व थीं, जिन्होंने सत्ता को जिम्मेदारी, दृढ़ता और दूरदर्शिता के साथ परिभाषित किया। उनके फैसले कठोर थे, उनका नेतृत्व अडिग था और उनकी सोच समय से आगे चलती थी। यही कारण है कि उन्हें आयरन लेडी ऑफ इंडिया कहा जाता है। इंदिरा गांधी ने कठिन परिस्थितियों में भी देश को मजबूती से संभाला।

PunjabKesari

देश के नवनिर्माण में इंदिरा गांधी का बड़ा योगदान : प्रतिभा सिंह
प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश के नवनिर्माण में स्व. इंदिरा गांधी का बहुत बड़ा योगदान है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी की सूझबूझ व राजनीतिक परिपक्वता से ही पाकिस्तान को अपने नापाक इरादों से भारत के आगे घुटने टेकने पड़े थे। इस दौरान नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा और राज्य सहकारी बैंक के निदेशक हरिकृष्ण हिमराल सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News