Shimla: अमितशाह से चंडीगढ़ में हिमाचल की हिस्सेदारी का मामला उठाएंगे सुक्खू

punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 07:49 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चंडीगढ़ में हिमाचल की हिस्सेदारी का मामला उठाएंगे। साथ ही वह पड़ोसी राज्यों से चल रहे विवादों को भी उठाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सूरजकुंड (हरियाणा) में आयोजित होने वाली उत्तर क्षेत्रीय परिषद (नॉर्थ जोन काऊंसिल) की बैठक में भाग लेने के लिए रविवार को फरीदाबाद पहुंच गए। वह सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में भाग लेंगे। बैठक में हिमाचल प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के मुख्यमंत्री, उप-राज्यपाल और मुख्य सचिव शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री परिषद की इस बैठक में हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्यों से चल रहे विवादों को प्रमुखता से उठाएंगे। बैठक में सीएम पंजाब पुनर्गठन अधिनियम-1966 के तहत चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली 7.9 प्रतिशत हिस्सेदारी के विषय को उठाएंगे। इसके अलावा चंडीगढ़ प्रशासन में पंजाब व हरियाणा सरकार के कर्मचारियों को 60:40 के अनुपात में हिस्सेदारी प्राप्त है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को इस तरह की हिस्सेदारी से वंचित रखा गया है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश का कुछ पड़ोसी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ से सीमा को लेकर कुछ विवाद भी चल रहा है, जिसको उठाया जा सकता है। साथ ही बैठक में मुख्यमंत्री पावर प्रोजैक्टों एवं नदियों के जल आबंटन में प्रदेश के हितों की अनदेखी जैसे विषय को उठा सकते हैं। सीमा प्रबंधन, क्षेत्रीय विकास, कानून-व्यवस्था और अंतर्राज्यीय सहयोग जैसे विषय पर भी चर्चा हाे सकती है। हिमाचल प्रदेश पहले भी इस तरह की बैठकों में पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन, बीबीएन रेल मार्ग, शानन प्रोजैक्ट, आंतरिक सुरक्षा, पौंग बांध विस्थापित जैसे कई मामलों को उठाता रहा है।

दिल्ली में अधिकारियों के साथ की बैठक
मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद को रवाना होने से पहले दिल्ली में बैठक की तैयारियों को लेकर राज्य के आलाधिकारियों के साथ बैठक की तथा उत्तर क्षेत्रीय परिषद में उठाए जाने वाले मुद्दों को अंतिम रूप दिया। दिल्ली में हुई बैठक में मुख्य सचिव संजय गुप्ता व डीजीपी सहित प्रशासनिक व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

दिल्ली में पार्टी नेताओं से मिल सकते हैं सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक के बाद दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मिल सकते हैं। इस दौरान वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य नेताओं से भेंट कर सकते हैं। वह उनसे राज्य में प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य संगठनात्मक मुद्दों को लेकर चर्चा कर सकते हैं। राज्य में गत एक वर्ष से प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep