Bilaspur: नयना देवी में पुराने परमिट से मंदिर तक पहुंचने का प्रयास, फर्जी हस्ताक्षर वाले पास बरामद

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 07:32 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): श्री नयना देवी जी में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले के दौरान पुराने परमिट का इस्तेमाल कर 3 वाहनों को मंदिर तक पहुंचाने का मामला सामने आया है। जांच के दौरान ऐसे 3 पास बरामद हुए हैं, जो पिछले वर्ष की पास-बुक के क्रमांक से मेल खाते हैं, जबकि संबंधित क्रमांक इस वर्ष के कार्यालय रिकॉर्ड में दर्ज नहीं पाए गए। मामला सामने आने के बाद मंदिर ट्रस्ट प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस थाना कोट कहलूर में मंदिर ट्रस्ट श्री नयना देवी जी के सहायक नियंत्रक मुनीश कुमार सरीन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार गत 16 अगस्त को जांच के दौरान श्रावण अष्टमी मेला में 3 संदिग्ध पास बरामद हुए। इन पासों पर श्री नयना देवी के एसडीएम के फर्जी हस्ताक्षर पाए जाने की बात सामने आई है।

जांच में यह भी सामने आया कि इन पासों पर अंकित क्रमांक वर्ष 2025 की पास-बुक से मेल खाते हैं, जबकि संबंधित क्रमांक मौजूदा कार्यालय रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं हैं। बताया जा रहा है कि इन्हीं पुराने परमिटों के आधार पर 3 वाहनों को मंदिर परिसर की ओर ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पुराने परमिट किसने तैयार किए, इन पर फर्जी हस्ताक्षर कैसे किए गए।

श्रावण अष्टमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर तक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था रहती है, जिसके लिए मेले के दौरान वाहनों के लिए परमिट जारी किए जाते हैं। बताया जा रहा है कि किसी ने पुरानी पास की बुक को गायब कर इन्हें जारी किया है। श्री नयना देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं एसडीएम धर्मपाल ने बताया कि पुराने साल की पास वाली बुक को किसी ने गायब कर दिया है। मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की आगामी जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep