बिलासपुर अस्पताल को डीएमएफटी से मिलेगी पोर्टेबल अल्ट्रासाऊंड मशीन व यगलेजर मशीन

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 04:53 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर) : क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में प्रशासन ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में डीसी राहुल कुमार ने क्षेत्रीय अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर विभिन्न आवश्यकताओं और समस्याओं पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान डीसी ने वार्डों का दौरा कर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उपचार, साफ-सफाई, टॉयलेट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जांच की।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी और समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की मांग पर डीएमएफटी से सर्जरी में उपयोगी यगलेजर मशीन की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई है।
इस मशीन की खरीद पर लगभग 10 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। यगलेजर मशीन त्वचा संबंधी उपचार में उपयोगी आधुनिक तकनीक है, जिससे मरीजों को अब इलाज के लिए अन्य शहरों या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वहीं, अस्पताल को एक पोर्टेबल अल्ट्रासाऊंड मशीन उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे मरीजों को जांच में अधिक सुविधा मिलेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में भी त्वरित अल्ट्रासाऊंड संभव हो सकेगा। इसके अतिरिक्त अस्पताल के ऑप्रेशन थिएटर में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों के लिए विस्तृत एस्टीमेट मांगा गया है। एस्टीमेट प्राप्त होने के बाद बजट स्वीकृत किया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से मुख्य प्रवेश द्वार पर शैड निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद लागू किया जाएगा, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को धूप व बारिश से राहत मिल सके। डीसी ने बताया कि प्रशासन की इन पहलों से क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत हाेंगी तथा लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल में ही आधुनिक उपचार की सुविधा मिलेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News