Bilaspur News: रॉड-कुल्हाड़ी से हमला करने वाले 5 आरोपियों को मिला पुलिस रिमांड, भागने के लिए बदली थीं 8 गाड़ियां
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 07:03 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): मंडी-भराड़ी में लुधियाना निवासी सन्नी गिल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को शुक्रवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने सभी आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी। जांच का मुख्य फोकस हमले की साजिश, इसके पीछे की वजह, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और फरारी में इस्तेमाल किए गए नैटवर्क का पता लगाना रहेगा।
गोलीकांड मामले में पेशी के लिए बिलासपुर आ रहा था सन्नी गिल
बता दें कि सन्नी गिल वर्ष 2024 के गोलीकांड मामले में पेशी के लिए बिलासपुर आ रहा था। इसी दौरान मंडी-भराड़ी के पास उस पर लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि सौरभ पटियाल उर्फ फांदी और कुलभूषण उर्फ लक्की ने हमला किया, जबकि सूर्या चंदेल, धीरज धर्माणी और अनिल ने वारदात को अंजाम देने और आरोपियों को फरार करवाने में सहयोग किया। पुलिस ने घटना के करीब 28 घंटे के भीतर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भराड़ी से बंजार तक किया था 8 वाहनों का इस्तेमाल
पुलिस की जांच अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भराड़ी से बंजार तक पहुंचने के लिए आरोपियों ने 8 वाहनों का इस्तेमाल किया था, ऐसे में पुलिस इन वाहनों के मालिकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
साजिश के हर पहलू की होगी जांच : एसपी
वहीं एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि न्यायालय से आरोपितों का 4 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। इस दौरान पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि पूरी साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा वारदात की योजना कैसे बनाई गई थी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

