Bilaspur: अब एम्स में होगी काला मोतिया की अत्याधुनिक सर्जरी, मरीजों को मिलेगी राहत
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 06:04 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): एम्स बिलासपुर में अब नेत्र रोगियों के लिए एक और बड़ी सुविधा जुड़ने जा रही है। संस्थान के नेत्र विज्ञान विभाग में जल्द ही ग्लूकोमा (काला मोतिया) की अत्याधुनिक सर्जरी शुरू होगी। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने दो आधुनिक ग्लूकोमा सर्जरी सैट खरीदने की प्रक्रिया तेज कर दी है, जिससे अब क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए बाहरी राज्यों के बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार ग्लूकोमा आंखों की एक गंभीर बीमारी है, जिसमें आंखों की नसों पर दबाव बढ़ने से धीरे-धीरे दृष्टि प्रभावित होती है और समय पर इलाज न मिलने पर रोशनी तक जा सकती है। नई तकनीक से होने वाली इस सर्जरी में ऑप्रेशन अधिक सटीक होगा और मरीजों की रिकवरी भी पहले की तुलना में काफी तेज रहेगी।
बताया जा रहा है कि अब तक सामान्य ऑप्रेशन के बाद मरीजों को कई सप्ताह तक धुंधलापन बना रहता था और पूरी तरह ठीक होने में महीनों लग जाते थे, लेकिन नई ग्लूकोमा सर्जरी तकनीक से एक सप्ताह के भीतर ही आंखों का धुंधलापन कम होने लगेगा और मरीज तेजी से सामान्य जीवन में लौट सकेंगे। बता दें कि हाल ही में एम्स बिलासपुर में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मोतियाबिंद के ऑप्रेशन भी शुरू कर दिए गए हैं। अब ग्लूकोमा सर्जरी सुविधा शुरू होने से नेत्र विभाग की सेवाएं और मजबूत होंगी। एम्स प्रबंधन की माने तो इसके लिए टैंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही संबंधित उपकरण विभाग में स्थापित किए जाएंगे। एम्स में आधुनिक उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को उन्नत उपचार की सुविधाएं मिल सकें।

