पंडोगा में सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

punjabkesari.in Saturday, Dec 04, 2021 - 11:48 AM (IST)

हरोली (संजीव दत्ता) : ऊना गगरेट मुख्य मार्ग के गांव पंडोगा में हुए सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ऊना गगरेट मुख्य मार्ग के गांव पंडोगा स्थित धर्म कांटे के समीप सड़क के किनारे खाई में बाइक समेत एक व्यक्ति गिरा हुआ स्थानीय लोगों ने देखा। जिसकी सूचना उन्होंने स्थानीय ग्राम पंचायत के उपप्रधान गुरपाल चौधरी को दी। गोपाल चौधरी ने इसकी सूचना तत्काल पंडोगा पुलिस चौकी को दी। गोपाल चौधरी ने बताया कि शनिवार सुबह कुछ स्थानीय लोग वहां से गुजर रहे थे तो उन्होंने धर्म कांटे के समीप एक बाइक सवार को सड़क किनारे खाई में गिरा दिखा।

जब स्थानीय लोगों ने उसके पास जाकर देखा तो वह मृत पड़ा था। बताया जा रहा है कि मृतक साथ ही के गांव पंजावर का निवासी था और बद्दी स्थित कहीं कार्य करता था। शुक्रवार देर रात को वह बद्दी से अपने घर की ओर जा रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार उसने रात लगभग 9 बजे  गांव ईसपुर पहुंचकर अपने घरवालों को फोन पर बताया था कि वह ईसपुर पहुंच गया है और वह जल्द ही घर पहुंचने वाला है। ईसपुर से अगले गांव पंडोगा पहुंचते ही वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। हालांकि सड़क हादसे का कारण अभी तक कुछ कहा नहीं जा सकता कि वह किस तरह सड़क के विपरीत दिशा में जाकर नीचे खाई  में लुढ़क गया।  

घटना की जानकारी मिलते ही पंडोगा पुलिस चौकी कर्मी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछताछ करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि करते हुए हरोली थाना प्रभारी सन्नी गुलेरिया ने बताया कि गांव पंजावर निवासी अमित कुमार उम्र लगभग 36 वर्ष जोकि बद्दी में कार्य करता था। वह शुक्रवार रात अपने घर बाइक पर जा रहा था तभी वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। ऊना की ओर से जाते समय वह अपनी विपरीत दिशा में जाकर सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़क गया। हादसे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सड़क हादसे का कारण अभी मालूम नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में मामला दर्ज करते हुए मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले किया जा रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News