मणिकरण साहिब माथा टेकने जा रहे 2 युवकों के साथ बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे घुसी बाइक; एक की मौके पर मौत
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 12:49 PM (IST)
Bilaspur News: बिलासपुर के कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरामोड़ा के पास एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब के एक युवक की जान चली गई है। दरअसल, मणिकरण साहिब मत्था टेकने जा रहे दो श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय जगा सिंह, निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
मणिकरण जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, सोमवार को हादसा उस समय हुआ जब पंजाब से दो बाइक सवार श्रद्धालु कीरतपुर साहिब होते हुए कुल्लू स्थित मणिकरण गुरुद्वारा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गरामोड़ा के मोड़ पर पहुंचे, बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और अपनी लेन छोड़कर सामने से आ रहे ट्रक के नीचे आ गई।
ट्रक की चपेट में आने से मौके पर मौत
जिस ट्रक से टक्कर हुई, वह बाघा से क्लींकर लादकर बघेरी की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जगा सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके साथी को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया है। घायल व्यक्ति का उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस की अपील
हिमाचल प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषकर फोरलेन पर तेज रफ्तार और मोड़ काटते समय लेन अनुशासन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

