मणिकर्ण साहिब जा रहे युवक के साथ भयानक हादसा, अनियंत्रित होकर पत्थरों से टकराई बाइक; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 12:49 PM (IST)

Bilaspur Road Accident: कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें एक युवक की जान चली गई। हादसा भगेड़ से आगे बागठेडू फुट ओवरब्रिज के पास उस समय हुआ, जब मणिकर्ण साहिब जा रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थरों और ढांक से जा टकराई। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पंजाब निवासी गुरप्रताप सिंह के रूप में हुई है।

नियंत्रण खोने से पत्थरों से जा भिड़ी बाइक

पुलिस को दिए बयान में पंजाब के मोगा निवासी अमनजोत सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मणिकर्ण साहिब माथा टेकने जा रहा था। बुधवार रात को जब वे बागठेडू के पास पहुंचे, तो उनका साथी गुरप्रताप सिंह अपनी बाइक चला रहा था। रफ्तार अधिक होने के कारण गुरप्रताप बाइक पर से संतुलन खो बैठा और मोटरसाइकिल सीधे सड़क किनारे ढांक और वहां पड़े बड़े पत्थरों से टकरा गई।

रास्ते में ही तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरप्रताप के सिर पर गहरी चोट आईं। हालांकि, बाइक पर पीछे बैठे दोस्त को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई है। घायल गुरप्रताप को तुरंत उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और सिर की चोट के कारण रास्ते में ही उसने प्राण त्याग दिए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यातायात पुलिस थाना भगेड़ में अमनजोत सिंह के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News