Solan: परवाणू बैरियर पर 500 नशीली गोलियों के साथ बाइक सवार 2 युवक गिरफ्तार, चंडीगढ़ से लाई गई थी खेप!
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 07:50 PM (IST)
परवाणू (विकास): जिला सोलन के प्रवेश द्वार परवाणू में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस थाना परवाणू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर चंडीगढ़ से बाइक पर आ रहे 2 युवकों को 500 प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी सोलन जिले के ही रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम जब गश्त पर थी, तभी उसे गुप्त सूचना मिली कि चंडीगढ़ की तरफ से एक बाइक पर 2 युवक भारी मात्रा में नशीली दवाइयां लेकर हिमाचल की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परवाणू टोल बैरियर पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में बताए गए हुलिए के अनुसार एक बाइक वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने जांच के लिए रोका।
पूछताछ और जांच के दौरान युवकों की पहचान यश कुमार (20) पुत्र छोटे लाल निवासी गांव देयुंघाट, सोलन और सोनू कुमार (24) पुत्र रवि कुमार निवासी गांव देहूं चौकी, कंडाघाट के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से 500 नशीली गोलियां बरामद हुईं। जब पुलिस ने इन दवाओं से संबंधित दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी वैध कागज पेश नहीं कर पाए।
एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद की गई दवाइयां ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पैक्टर के हवाले कर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशीली खेप कहां से लाई गई थी और सोलन में किसे सप्लाई की जानी थी, साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

