Chamba News: ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका...हाई वोल्टेज ने मचाया कहर; टीवी-मीटर सहित कई उपकरण जलकर खाक

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 03:20 PM (IST)

चम्बा ( रणवीर): विकास खंड चम्बा की ग्राम पंचायत साच के गांव साच में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी को ठीक करने के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके चलते पूरे गांव में हाई वोल्टेज दौड़ गया। इस ओवरलोडिंग के कारण दर्जनों घरों के बिजली मीटर, वायरिंग और महंगे इलैक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और मुरम्मत कार्य में जुटी बिजली बोर्ड की टीम बाल-बाल बच गई।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बिजली बोर्ड के कर्मचारी साच गांव में ट्रांसफार्मर की मुरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में एक बड़ा धमाका हुआ और घरों की बिजली सप्लाई अचानक क्षमता से कहीं ज्यादा बढ़ गई। स्थानीय निवासी राकेश, लक्की और रवि कुमार ने बताया कि सुबह घरों में बिजली सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन अचानक वोल्टेज इतना तेज हो गया कि किसी को अपने उपकरण बचाने तक का मौका नहीं मिला। इस हाई वोल्टेज से कई घरों के बिजली मीटर, वायरिंग, खाना पकाने वाले इंडक्शन चूल्हे, टीवी सेट-टॉप बॉक्स, मोबाइल चार्जर और दर्जनों बल्ब फ्यूज हो गए। लोगों को अपने महंगे उपकरणों से हाथ धोना पड़ा है।

बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में बिजली व्यवस्था लंबे समय से चरमराई हुई है। पिछले कई दिनों से बार-बार बिजली के कट लग रहे हैं। मुरम्मत कार्य के नाम पर विभाग पूरा-पूरा दिन का शटडाऊन लेता है, इसके बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने बोर्ड के उच्चाधिकारियों से साच पंचायत में बिजली व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने और नुकसान की भरपाई की मांग उठाई है।

दोपहर 2 बजे बहाल हुई बिजली, नुक्सान का हो रहा आकलन : एसडीओ
हादसे के बाद गांव की बत्ती गुल हो गई, जिसे विभाग ने मुरम्मत के बाद दोपहर करीब 2 बजे बहाल किया। इस मामले पर बिजली बोर्ड चम्बा के एसडीओ अजय भारद्वाज ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण वोल्टेज अचानक बढ़ गया और बिजली गुल हो गई। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर को ठीक करके बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। हाई वोल्टेज से लोगों के हुए नुक्सान का आकलन किया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News