हिमाचल के लिए गौरव का पल, हमीरपुर के भूपेंद्र सिंह कंवर वायुसेना में बने एयर वाइस मार्शल

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 12:32 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अंतर्गत ढोह गांव निवासी भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी एयर कमोडोर भूपेंद्र सिंह कंवर को पदोन्नति मिली है। उन्हें एयर वाइस मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया है। अपनी 34 वर्षों की लंबी, उत्कृष्ट और समर्पित सेवा के बाद उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

भूपेंद्र सिंह कंवर की इस उपलब्धि के साथ एक खास इतिहास जुड़ा है। वे सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के ऐसे पहले पूर्व छात्र रहे हैं, जो एयर कमोडोर के पद तक पहुंचे और अब उसी संस्थान से एयर वाइस मार्शल बनने वाले भी वे पहले अधिकारी बन गए हैं। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि क्षेत्र के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।

अपनी पदोन्नति के साथ ही एयर वाइस मार्शल भूपेंद्र सिंह कंवर ने 13 अप्रैल को असिस्टैंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। इस महत्वपूर्ण भूमिका में उनकी तैनाती उनकी योग्यता और वर्षों के अनुभव का परिणाम है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके गृह क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूपेंद्र सिंह कंवर ने अपने समर्पण, कड़े अनुशासन और बेहतरीन कार्यशैली से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी कामयाबी पर पूरे जिले को नाज है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News