Kullu: अब अवैध कटान के ठूंठों को छिपाने का हो रहा प्रयास
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 10:28 PM (IST)
भुंतर (सोनू): नरोगी में हुए देवदार व अन्य प्रजातियों के पेड़ों के अवैध कटान के बाद अब कुछ वन कर्मियों पर ही लोगों ने ठूंठों को छिपाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वन काटुओं ने वन कर्मियों की कथित मिली भगत से ठूंठों को अब जमीन के पास से ही काटा और ऊपर से मिट्टी डालकर अवैध कटान के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। गांव के कुछ लोगों ने जंगल में जाकर जमीन के पास से काटे गए ठूंठों से मिट्टी हटाकर उन ठूंठों को जगजाहिर कर डाला। विनोद कुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि क्षेत्र में जमीन धंसने से भी करीब 400 पेड़ गिर गए थे। वे भी कुछ वन कर्मियों ने मिली भगत से कई लोगों को बेच डाले। अब मौके पर कम ही पेड़ रह गए हैं। विनोद कुमार ने बताया कि उनकी भी 2 बीघा जमीन धंसी है और उसमें भी कई देवदार, कायल व अन्य प्रजातियों के कई पेड़ गिरे थे।
कुछ वन कर्मियों ने उसकी जमीन के पेड़ों को भी मिलीभगत से खुर्द-बुर्द कर डाला। क्षेत्र में अवैध कटान से देवदार, कायल व अन्य कई पेड़ों का नामोनिशान मिट गया है। अब ठूंठों को भी काटकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास हो रहा है। वहीं, क्षेत्र के अन्य लोगों का भी कहना है कि कुछ वन कर्मी पूरी बीट में तबाही मचा रहे हैं और वन काटूओं को संरक्षण देकर वनों का सफाया कर रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियों पर लगाम लगनी चाहिए और दोषी वन कर्मी पर कार्रवाई होनी चाहिए। वन अरण्यपाल कुल्लू संदीप शर्मा का कहना है कि यदि क्षेत्र में अवैध वन कटान हो रहा है और पेड़ों को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है तो इसकी जांच करवाएंगे। वन मंडलाधिकारी पार्वती वन मंडल से रिपोर्ट मांगी जाएगी।

