Kullu: अस्पताल में चैकअप करवाने आए बुजुर्ग की जेब से उड़ाए 18 हजार रुपए

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 05:37 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): नागरिक अस्पताल तेगुबेहड़ में एक जेबकतरे ने बुजुर्ग मरीज की जेब से 18 हजार रुपए उड़ा लिए। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत पर भुंतर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वीरवार को तेगुबेहड़ निवासी एक बुजुर्ग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे थे। पर्ची बनवाने के बाद डाक्टर को दिखाने के लिए लाइन में खड़े हो गए।

इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें करीब 18 हजार रुपए नकद थे। बुजुर्ग को जब पर्स गायब होने का पता चला तो अस्पताल में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। काफी तलाश करने पर अस्पताल परिसर के एक कोने में पर्स और अन्य जरूरी दस्तावेज पड़े मिले, जबकि नकदी गायब थी।

इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी जेबकतरे ने नकदी निकालने के बाद पर्स और कागजात वहीं फैंक दिए और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बुजुर्ग ने भुंतर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News