अवैध संबंध बना मौत की वजह, JE हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे; डॉक्टर दंपत्ति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 10:47 AM (IST)

Kullu JE Murder : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जल शक्ति विभाग के जूनियर इंजीनियर लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस 'ब्लाइंड मर्डर' केस की गुत्थी सुलझाते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध संबंध बने वजह

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी एक ही परिवार से हैं। इनमें एक लेडी डॉक्टर, उनके डॉक्टर पति, ससुर और देवर शामिल हैं। महिला डॉक्टर कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में कार्यरत हैं, जबकि उनके पति लाहौल-स्पीति में डॉक्टर के रूप में तैनात हैं। एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) ने बुधवार शाम सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और उनमें से तीन का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है।जांच में सामने आया है कि 52 वर्षीय जेई लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के पीछे कथित अवैध संबंधों का शक मुख्य कारण था। आरोपियों को संदेह था कि जेई और उक्त लेडी डॉक्टर के बीच अवैध संबंध थे। पुलिस गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर सकती है।

जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

जांच में यह बात भी सामने आई है कि 24 जुलाई को लेडी डॉक्टर ने जेई लाभ सिंह को पानी की पाइपलाइन चेक करने के बहाने कुल्लू के गांधीनगर स्थित अपने घर पर बुलाया था। आरोप है कि घर पहुंचते ही डॉक्टर के पति, ससुर और देवर ने जेई के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें उनके कार्यालय (ऑफिस) के पास सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए चार दिनों तक गहन जांच की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और घर की नौकरानी के बयानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नौकरानी ने घटनाक्रम के बारे में पुलिस के सामने अहम खुलासे किए, जिसके बाद कोर्ट में भी उसके बयान दर्ज कराए गए।

गौरतलब है कि 24 जुलाई की रात को जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो पहले दफ्तर के पास जेई की स्कूटी मिली और उसके कुछ देर बाद ही वे खुद घायल अवस्था में सड़क किनारे पाए गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत कुल्लू अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें एम्स  बिलासपुर रेफर किया गया। दो दिन के उपचार के बाद उनकी मौत हो गई थी। फिलहाल, पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News