Shimla: खेताें में काम कर रहा था युवक...अचानक समाने आ गया भालू और कर दिया हमला, जानिए कैसे बची जान

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 12:19 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): शिमला जिले के उपमंडल रामपुर के अंतर्गत आने वाले कोटला क्षेत्र में उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब खेतों में घुसे एक भालू ने 29 वर्षीय युवक पर अचानक हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि युवक की सूझबूझ से उसकी जान बच गई और उसे केवल मामूली चोटें आईं। घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और भालू को पकड़ने के लिए रैस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक इलाके में कुछ आवारा कुत्ते एक भालू का पीछा कर रहे थे। कुत्तों के झुंड से बचने के लिए भालू भागकर नजदीकी खेतों की तरफ घुस गया। इसी दौरान वहां मौजूद 29 वर्षीय युवक और घबराए हुए भालू का अचानक आमना-सामना हो गया। इस दाैरान भालू ने युवक पर हमला बोल दिया, जिससे उसकी जांघों पर हल्की चोटें आईं। हमले के तुरंत बाद युवक ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे घबराकर भालू मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बिना देरी किए अस्पताल पहुंची और घायल युवक का हालचाल जाना। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल उसकी स्थिति पूरी तरह सामान्य है और वह खतरे से बाहर है। वन विभाग ने पीड़ित को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की कागजी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद लोगों में दहशत है, जिसे देखते हुए वन विभाग ने पूरे इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। भालू को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए रणवी गांव के पास पहले से ही दो पिंजरे तैनात कर दिए गए हैं। वन मंडल रामपुर ने स्थानीय लोगों से एहतियात बरतने की विशेष अपील की है। विभाग ने कहा है कि आम जनता पूरी तरह सतर्क रहे और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखे। इसके साथ ही विभाग ने आश्वस्त किया है कि भालू को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए उनकी ओर से लगातार और समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News