Solan: बस की बैटरियां चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 04:14 PM (IST)

सोलन (अमित): कसौली पुलिस ने एसआरटीसी बस से बैटरियां चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयाेग की गई स्कूटी भी बरामद कर उसे जब्त कर लिया है। हिमाचल पथ परिवहन निगम नालागढ़ में कार्यरत प्रदीप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह 8 जुलाई एचआरटीसी की बस लेकर नालागढ़ से गुनाई पहुंचे थे और बस को गुनाई बस स्टैंड पर खड़ा कर दिया था। अगले दिन 9 जुलाई की सुबह जब वह बस के पास पहुंचे तो पाया कि रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बस की दोनों बैटरियां चोरी कर ली थीं। चोरी गई बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए आंकी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना कसौली की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते आरोपी संतोष कुमार (35 वर्ष) निवासी गांव भगवानपुर नरहरबीघा, डाकघर सिलाव, जिला नालंदा (बिहार), हाल निवासी गांव भैरों की सेर, टीपरा, तहसील कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पहले से पुलिस थाना परवाणू में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि आरोपी परवाणू स्थित एक कंपनी में कार्यरत है तथा उसकी ड्यूटी प्रायः रात्रि के समय रहती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News