Solan: सांड के हमले से व्यापारी की मौत, बचाने गया बेटा भी घायल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 07:14 PM (IST)

कुमारहट्टी (नवीन): क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित व्यापारी देवेंद्र वोहरा की बुधवार सुबह सांड के हमले में मौत हो गई। उन्हें बचाने पहुंचे उनके बेटे पर भी सांड ने हमला कर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 8:15 बजे देवेंद्र वोहरा अपने घर के बाहर सीढ़ियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान एक सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसे देख कर एक राहगीर ने उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही उनका बेटा मौके पर पहुंचा और अपने पिता को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सांड ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र वोहरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटे का उपचार जारी है।

घटना के बाद व्यापार मंडल कुमारहट्टी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूरे बाजार को बंद रखा। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने कहा कि क्षेत्र में बेसहारा सांडों और अन्य बेसहारा पशुओं से लोग परेशान हैं। कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो आज एक परिवार अपने मुखिया को नहीं खोता। व्यापार मंडल एवं क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बेसहारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News