Solan: बद्दी में अवैध दवाइयों का बड़ा जखीरा बरामद
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 09:30 PM (IST)
बीबीएन (ठाकुर): पुलिस थाना मानपुरा एवं ड्रग विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम गुरुमाजरा (बोरीवाला) तहसील बद्दी स्थित एक रिहायशी मकान में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 29,990 गोलियां एवं 206 शीशियां बरामद की गईं। कार्रवाई के दौरान मकान में मौजूद संजय खान निवासी गांव व डाकघर गुरुमाजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन बरामद दवाइयों के संबंध में कोई भी वैध लाइसैंस, बिल अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ड्रग विभाग द्वारा समस्त बरामद दवाइयों को नियमानुसार अपने कब्जे में लेकर ड्रग्स एंड कॉस्मैटिक्स एक्ट के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
बद्दी पुलिस द्वारा अवैध नशा कारोबार के विरुद्ध सख्त अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाती रहेगी। जिला पुलिस बद्दी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

