Kangra: नाबालिगा से छेड़छाड़ मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 10:37 AM (IST)
बैजनाथ (बावा): थाना बैजनाथ क्षेत्र की एक नाबालिगा से छेड़छाड़ के मामले में बैजनाथ पुलिस ने पोक्सो एक्ट के आरोपित विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। सैशन कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपित ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन जमानत मिलने की संभावना कम होने पर उसने अपने वकील के माध्यम से याचिका वापस ले ली और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार मामला करीब तीन माह पुराना है। आरोप है कि विजय कुमार ने बैजनाथ में एक नाबालिग से छेड़छाड़ की थी। बाद में पीड़िता, जो जालंधर (पंजाब) में पढ़ाई कर रही थी, ने मामले की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर पंजाब की जेल में करीब 20 दिन तक रहना पड़ा। जांच के दौरान मामले में पीड़िता की माता का नाम भी सामने आया।
बताया गया कि उन्होंने समझौते का प्रयास किया, लेकिन बाद में पीड़िता और उसके अन्य परिजनों की पहल पर मामला दोबारा आगे बढ़ा और जांच जारी रही। तफ्तीश पूरी होने के बाद आरोपित ने सैशन कोर्ट में जमानत याचिका दायर की, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बाद हाईकोर्ट में दायर बेल याचिका भी आरोपित ने बैजनाथ पुलिस द्वारा पेश किए गए तथ्यों के बाद जमानत मिलने की संभावना कम देखते हुए वापस ले ली। इसके उपरांत उसने आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद बैजनाथ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

