हिमाचल की गलियों में अब ‘चुनाव कुमार’ बनकर घूम रहे कुछ लोग : विपिन परमार

punjabkesari.in Saturday, Apr 09, 2022 - 12:22 AM (IST)

पालमपुर (भृगु): विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विकास कुमार है जबकि कुछ लोग अब हिमाचल की गलियों में चुनाव कुमार बनकर घूम रहे हैं तथा बारी की बात कह रहे हैं। उन्होंने पूछा कि यह किस वसीयत की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 55 वर्ष तक इन लोगों ने हिमाचल के लोगों को मशीन समझा तथा मात्र मतपत्र पर मोहर लगाने तथा मशीन पर बटन दबाने को ही कहा जबकि भाजपा ने प्रदेश की जनता को भाग्य विधाता की संज्ञा दी।  विपिन सिंह परमार ने कहा कि बारी-बारी का यह क्रम अब समाप्त हो गया है तथा हिमाचल एक नया इतिहास लिखने जा रहा है तथा कमल के फूल की सरकार फिर हिमाचल में बनने जा रही है।

बेसहारों के लिए सहारा बनी जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार

उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार बेसहारों के लिए सहारा बनी है। वहीं हिमकेयर योजना चलाकर लाखों लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वोट के लिए जनता को तराजू में तोलने का काम किया है तथा लोगों की कीमत डाली जबकि मुख्यमंत्री सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल पहाड़ी राज्यों में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। विपिन परमार ने कहा कि सुलह की जनता इस सीट को एक बार फिर भाजपा की झोली में डालेगी तथा सुलह, कांगड़ा व हिमाचल के लोग जयराम ठाकुर को पुन: प्रदेश की बागडोर देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 235 करोड़ के शिलान्यास तथा लोकार्पण अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

विपिन परमार हुए भावुक 

विपिन परमार उस समय भावुक हो गए जब उन्होंने मुख्यमंत्री का परौर-जज्जर सड़क मार्ग पर पुल का नाम रीना सेतु करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्ग में बैठी रीना के चरणों में वह इस पुल को समर्पित करते हैं। वहीं शहीद अशोक कुमार को भी स्मरण किया। उन्होंने चौधरी सरवन कुमार तथा राणा मान चंद की प्रतिमा के अनावरण मुख्यमंत्री से वर्चुअल माध्यम से करने का आग्रह भी किया। विपिन सिंह परमार ने कहा कि राजनीति में नई परंपराओं को स्थापित करने वाले शांता कुमार के कारण वह राजनीति में सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं। समारोह में सांसद किशन कपूर, विधायक रविंद्र रवि धीमान, अरुण कुमार, मुल्ख राज प्रेमी, वूल फैडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, जिला भाजपा अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, चंद्र भूषण नाग, मंडल अध्यक्ष कैप्टन देशराज, महामंत्री सुखराम मसंद, विपिन जम्वाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तनु भारती, वीना श्रीवास्तव, देवेंद्र राणा, डीसी डॉ. निपुण जिंदल, मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक विश्व चक्षु, पुलिस प्रमुख डॉ. खुशहाल शर्मा आदि उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News