डॉक्टरों को दिया जाएगा अल्ट्रासाऊंड मशीनें चलाने का प्रशिक्षण : महेंद्र सिंह

punjabkesari.in Thursday, Feb 27, 2020 - 11:34 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अल्ट्रासाऊंड मशीनों के संचालन के लिए डॉक्टरों को प्रशिक्षण देगी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण आईजीएमसी शिमला और टांडा अस्पताल में दिया जाएगा। उन्होंने यह जानकारी विधायक मुल्ख राज की तरफ से पूछे प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने कहा कि पपरोला अस्पताल में वर्ष 1997 से अल्ट्रासाऊंड मशीन खराब है। उन्होंने कहा कि पुर्जे उपलब्ध न होने के कारण यह मशीन काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि बजट की उपलब्धता पर नई मशीन को खरीदने की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। इसके अलावा चढियार में अल्ट्रासाऊंड मशीन सुचारू रूप से संचालित नहीं है। संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारी की मांग के अनुसार नई अल्ट्रासाऊंड मशीन खरीदने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा द्वारा जैम पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चढियार में इसके लिए डैपुटेशन पर सेवाएं ली जाएंगी।

कुल्लू अस्पताल में ऑर्थो डॉक्टर न होने पर विधायक ने जताई नाराजगी

विधायक सुंदर सिंह ने कुल्लू अस्पताल में ऑर्थो डॉक्टर के उपलब्ध न होने पर नाराजगी जताई तथा विधानसभा से वाकआऊट तक की धमकी दी। उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि यह गंभीर विषय है। उन्होंने इसके लिए संबंधित जिला के मंत्री एवं विधायकों का समर्थन भी मांगा। उन्होंने कुल्लू में मैडीकल कॉलेज न खोले जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब अस्पताल में ऑर्थो का डाक्टर ही नहीं होगा, तो कैसे ट्रामा सैंटर चल सकेगा। जल शक्ति मंत्री ने प्रश्न के उत्तर में कहा कि डॉक्टरों की उपलब्धता पर कुल्लू में ऑर्थो डॉक्टर उपलब्ध करवा दिया जाएगा।

राणा ने उठाया होम्योपैथिक डॉक्टरों को रोजगार न मिलने का मामला

विधायक राजेंद्र राणा ने प्रश्नकाल के दौरान प्रदेश में होम्योपैथिक डॉक्टरों को रोजगार न मिलने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इस विषय से जुड़े डॉक्टर डिग्री करके रोजगार की आस में घर में बैठे हैं, ऐसे में सरकार को होम्योपैथिक डॉक्टरों के खाली पदों को जल्द भरना चाहिए। जल शक्ति मंत्री ने प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि होम्योपैथिक डाक्टरों के इस समय 3 पद खाली चल रहे हैं, जिनको लोक सेवा आयोग से भरा जाना है। इनमें से 2 चम्बा और 1 लाहौल-स्पीति में खाली पड़े हैं। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर राज्य सरकार प्रतिनियुक्ति पर ऐसे डाक्टरों को भेजेगी। इसके तहत लाहौल-स्पीति के लिए कुल्लू और चम्बा के लिए बिलासपुर से डॉक्टर की सेवाएं ली जाएंगी।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News