Hamirpur: 2027 तक रेल नैटवर्क से जुड़ जाएगा बिलासपुर : अनुराग
punjabkesari.in Saturday, Sep 06, 2025 - 06:17 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश को 11 वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार से 54,662 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता मिली है। विकसित भारत महायज्ञ में सिर्फ हिमाचल नहीं बल्कि समस्त हिमालयी राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। 11 वर्षों में मोदी सरकार ने भारत की विकास यात्रा को एक नई गति देने व विश्वपटल पर एक नए भारत की छवि निर्माण का काम किया है। यह बात सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली के कंस्टीच्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में हिमालयी राज्यों से जुड़े एक कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और हम इस संकल्प की दिशा में काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
विकसित भारत के इस महायज्ञ में हिमालय के राज्यों की बड़ी भूमिका होने वाली है जिसके लिए हमें तैयार रहना होगा। हिमालय की बात वही समझ व रख सकता है जिसने हिमालय को समझा हो। यदि मैं सिर्फ हिमाचल की बात करू तो हिमाचल प्रदेश को पिछले 11 वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार ने बिलासपुर में 1470 करोड़ की लागत से एम्स का निर्माण किया, चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 56.26 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है, हमीरपुर के जोलसप्पड़ में मैडीकल कॉलेज का निर्माण शुरू हुआ, देहरा में सैंट्रल यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई व बिलासपुर में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज शुरू हुआ, ऊना में पीजीआई सैटेलाइट केंद्र के निर्माण को गति दी गई, हिमाचल में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखी गई और हमीरपुर में भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना हुई है।
उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में हिमाचल में रेल नैटवर्क का विकास हुआ। वंदे भारत एक्सप्रैस (अम्ब अंदौरा से नई दिल्ली तक) चलवाई, अंब-अंदौरा, चिंतपूर्णी मार्ग और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशनों का काम पूरा हो गया। भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है तथा सितम्बर, 2027 तक बिलासपुर भी रेल नैटवर्क से जुड़े जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उदाहरण प्रमाण है कि मोदी की सरकार हिमाचल के विकास के कितनी प्रतिबद्ध है।