कांगड़ा में बनेगी एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन, उड़ान को अब लगेंगे ''साहसिक'' पंख''
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 10:03 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। देवभूमि हिमाचल का कांगड़ा जिला जल्द ही दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के विजन के अनुरूप, नड्डी की खूबसूरत पहाड़ियों में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन बिछाने की तैयारी पूरी हो चुकी है।
परियोजना की खास बातें
यह केवल एक राइड नहीं, बल्कि धौलाधार की चोटियों को छूने जैसा एक जादुई अनुभव होगा। यह जिपलाइन 4.3 किलोमीटर के फासले को तय करेगी, जो इसे पूरे एशिया में सबसे अनूठा बनाती है।
इस रोमांचक सफर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए चार मुख्य स्टेशन बनाए जाएंगे। इसकी शुरुआत गल्लू से होगी, जिसके बाद यह बल गांव और नड्डी से होते हुए मैगी प्वाइंट खड्ड पर जाकर संपन्न होगी। लगभग 7.41 करोड़ रुपये के बजट वाली इस महत्वाकांक्षी योजना को अगले 3 साल (36 महीने) के भीतर हकीकत में बदलने का लक्ष्य रखा गया है।
'पर्यटन राजधानी' को मिलेंगे नए पंख
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांगड़ा को प्रदेश की 'टूरिज्म कैपिटल' बनाने का जो संकल्प लिया है, यह प्रोजेक्ट उसी दिशा में एक मील का पत्थर है। नड्डी व्यू प्वाइंट पहले से ही अपनी सुंदरता के लिए मशहूर है, लेकिन इस जिपलाइन के आने से यहाँ आने वाले सैलानियों को अब हिमालय का एक नया और साहसिक नजरिया (बर्ड्स-आई व्यू) देखने को मिलेगा।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा
यह पहल सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है। इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, ऑपरेटर और सर्विस सेक्टर में नौकरी के नए द्वार खुलेंगे। क्षेत्र में सड़कों और अन्य पर्यटक सुविधाओं का कायाकल्प होगा। कांगड़ा की अर्थव्यवस्था को साहसिक पर्यटन के माध्यम से एक नई गति मिलेगी।

