Weather Update: बिलासपुर-कांगड़ा समेत इन जिलों में कोहरे का यैलाे अलर्ट, 10 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 09:47 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य के मैदानी इलाकों में घने कोहरे का प्रकोप बना हुआ है। जहां बिलासपुर में घना कोहरा देखा गया है, वहीं शनिवार को 4 जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा व मंडी में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावनाओं के साथ यैलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ रोज पूर्व पहाड़ों पर बर्फबारी व मध्य व मैदानी इलाकों में बारिश के बाद अब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही और शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई स्थानों में अधिकतम तापमान में भी उछाल आया है। ऊना में अधिकतम तापमान 25 डिग्री व राजधानी शिमला में 16.8 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया है।

जनजातीय इलाकों में शीतलहर का प्रकोप जारी
राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। कुकुमसेरी में रात का तापमान माइनस 14.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। ताबो में माइनस 11.4 और कल्पा में माइनस 2 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। शिमला में भी रात का पारा 7.1 डिग्री रहा, जबकि सुंदरनगर में 3.5, भुंतर में 2.1, धर्मशाला में 5.2, ऊना में 5.5, नाहन में 8.8, पालमपुर में 7.5, सोलन में 3, मनाली में 0.1, कांगड़ा में 4.3, मंडी में 5.2, बिलासपुर में 6, जुब्बड़हट्टी में 6.6, भरमौर में 1, बरठीं में 4.1, कसौली में 8, पांवटा साहिब में 11, सराहन में 3.3, देहरा गोपीपुर में 8 व नेरी में 8.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है।

10 व 11 फरवरी काे हो सकती है बारिश व बर्फबारी 
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में शनिवार और रविवार को भी धूप खिली रहने की संभावना है। 8 फरवरी की रात्रि से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे 9 फरवरी को ऊंची पहाड़ियों पर 1-2 स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि 10 और 11 फरवरी को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का अनुमान है। 12 फरवरी से फिर से मौसम साफ व शुष्क बना रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News