विदेशी कोच ने तराशा हुनर...हिमाचल के लाल ने कर दिया कमाल, सीनियर इंडिया टीम कैंप में बनाई जगह
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 04:31 PM (IST)
रोहड़ू (बशनाट): अपनी कड़ी मेहनत, लगन और शानदार खेल की बदौलत हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के अंतर्गत आते उपमंडल रोहड़ू के होनहार युवा वॉलीबॉल खिलाड़ी अर्जुन शर्मा ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। अर्जुन का चयन सीनियर इंडिया वॉलीबॉल टीम के राष्ट्रीय कैंप के लिए हुआ है जोकि 20 से 28 जून तक अहमदाबाद में होने वाली एशियन वॉलीबॉल चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। अर्जुन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल रोहड़ू, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश खेल जगत में खुशी की लहर है।
अर्जुन मैदान पर ब्लॉकर की अहम भूमिका निभाते हैं। अर्जुन का यह चयन हाल ही में वर्ष 2025 में वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में आयोजित सीनियर नैशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इससे पहले उन्होंने 2024 में जयपुर (राजस्थान) सीनियर नैशनल में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
अर्जुन शर्मा के खेल करियर की शुरुआत महज तीन साल पहले वर्ष 2022 में स्टेट स्पोर्ट्स हॉस्टल रोहड़ू से हुई थी, जहां उनके कोच देविंदर चौहान रहे। शुरूआत से ही उनकी प्रतिभा मैदान पर चमकने लगी थी। जल्द ही उन्हें हिमाचल प्रदेश की ओर से अंडर-17 नैशनल प्रतियोगिता के लिए चुन लिया गया। इसके बाद उन्होंने लगातार दो बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उनके इसी शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें खेलो इंडिया स्कीम में एथलीट के तौर पर शामिल कर लिया गया। अंडर-19 स्कूल नैशनल में भी अर्जुन ने अपनी छाप छोड़ी।
अर्जुन की प्रतिभा को निखारने में नैशनल सैंटर ऑफ एक्सीलैंस बेंगलुरु का बड़ा हाथ रहा है। वर्ष 2024 में उन्होंने कड़े ट्रायल्स पास कर नैशनल सैंटर ऑफ एक्सीलैंस बेंगलुरु में जगह बनाई। वहां उन्हें सर्बिया के प्रसिद्ध विदेशी कोच मिस्टर ड्रैगन के मार्गदर्शन में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिला, जिससे उनके खेल में गजब का निखार आया। अर्जुन शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे रोहड़ू क्षेत्र और हिमाचल के खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल है। स्थानीय लोगों को पूरी उम्मीद है कि अर्जुन जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

