विधानसभा : जल शक्ति मंत्री व नेता प्रतिपक्ष के बीच तू-तू मैं-मैं, विपक्ष ने नारेबाजी के बाद किया वॉकआऊट

punjabkesari.in Tuesday, Mar 08, 2022 - 09:15 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल विधानसभा में बजट पर जारी चर्चा के दौरान मंगलवार को जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह की एक टिप्पणी पर विपक्ष बिफर गया, ऐसे में पहले विपक्ष के सदस्यों ने वैल में पहुंच कर नारेबाजी की और बाद में सदन से वॉकआऊट कर दिया। इससे पहले सदन में गर्माए माहौल के बीच जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बीच तू-तू मैं-मैं भी देखने को मिली। यह मामला बजट पर जारी चर्चा के दौरान विधायक पवन काजल द्वारा उठाए गए मसलों पर 3 मंत्रियों द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण के बाद गर्माया। इस बीच जल शक्ति मंत्री के विधायक पवन काजल को लेकर कहे गए कुछ शब्द विपक्ष को नागवार गुजरे, ऐसे में दोनों पक्षों में गहमागमी हो गई, जो बाद में तू-तू मैं-मैं तक पहुंच गई।

स्वां चैनेलाइजेशन की बात दोहराने पर मंत्री को आया गुस्सा

विधायक पवन काजल ने फ्लड प्रोटैक्शन में कांगड़ा जिले को पैसा नहीं मिलने की बात कही थी। इस पर स्पष्टीकरण देते हुए जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने स्वां चैनेलाइजेशन की बात कह डाली। उन्होंने कहा कि 4 साल में स्वां के लिए कितना पैसा दिया है, यह रिकॉर्ड में है। उसके बाद पवन काजल द्वारा चर्चा में उठाए गए मसले पर पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर और खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने भी स्पष्टीकरण दिए। इसके बीच विधायक ने स्वां की बात फिर से कर दी और इतने में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भड़क उठे और विधायक को लेकर एक टिप्पणी कर डाली। उस पर विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने एतराज जताया। उन्होंने कहा कि मंत्री किसी भी विधायक के साथ दुर्व्यवहार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि सदस्य को ठेकेदार कहना आपत्तिजनक है। इसी बीच देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच तू-तड़ाक शुरू हो गई और बाद में विपक्ष ने सदन से वॉकआऊट कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद विपक्ष के सदस्य वापस सदन में लौट आए। इससे पहले विधायक पवन काजल ने जल जीवन मिशन और फ्लड प्रोटैक्शन में कांगड़ा के साथ भेदभाव का आरोप लगाया था। 

कांगड़ा के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ : महेंद्र सिंह

जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने चर्चा के दौरान उठाए गए मुद्दों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कांगड़ा के साथ भी कोई भेदभाव नहीं हुआ है। जल जीवन मिशन में 2200 करोड़ रुपए 90:10 के अनुपात में मिले हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News