अनुराग ने दी नसीहत, बोले-शहीदों का सम्मान नहीं कर सकती तो अपमान भी न करे कांग्रेस

punjabkesari.in Friday, Oct 22, 2021 - 08:17 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि यदि वह शहीदों का सम्मान नहीं कर सकती तो कम से कम अपमान भी न करे। उन्होंने अर्की निर्वाचन क्षेत्र के जयनगर, धुंधन व कराड़ाघाट में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कांग्रेस केंद्र में 10 वर्ष तक सरकार होने के बावजूद सेना को 1.50 लाख बुलेट प्रूफ जैकेट देने में नाकाम रही। केंद्र में मोदी सरकार बनते ही सेना को करीब 2 लाख बुलेट प्रूफ जैकेट प्रदान की गई हैं। यह वही कांग्रेस है जो सेना को लड़ाकू विमान नहीं दे सकी लेकिन मोदी सरकार ने राफेल विमान खरीदकर भारतीय वायु सेना को मजबूती प्रदान की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब कारगिल युद्ध पर सवाल खड़े कर इस युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की शहादत का अपमान कर रही है। सर्जिकल स्ट्राइक कर सेना ने पाकिस्तान को सबक सिखाया। अतिक्रमण करने वाले चाइना को बार्डर पर मुंहतोड़ जवाब हमारे सैनिकों ने दिया और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बॉर्डर पर गए। कांग्रेस ने देश में बनी कोरोना वैक्सीन का विरोध किया लेकिन देश की जनता ने इस पर विश्वास जताया। देश में आज 100 करोड़ वैक्सीन की डोज लग गई हैं। यह देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश सरकार के 4 वर्ष के कार्यालय में किए गए विकास को लेकर यह चुनाव लड़ रही है। भाजपा मंडी संसदीय क्षेत्र सहित 3 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव जीतेगी। यूपीए सरकार में महंगाई रिकाॅर्ड तोड़ थी। मोदी सरकार ने इसे नियंत्रित किया है। कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के कारण पैट्रोल व डीजल के दाम बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मातृ शक्ति के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। यही नहीं, मोदी सरकार ने किसानों के हितों के लिए काम किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत किसानों के खाते में हर साल 6 हजार रुपए जमा हो रहे हैं। इससे पहले किसानों के बारे में किसी सरकार ने नहीं सोचा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि पार्टी चाहेगी तो वह जुब्बल-कोटखाई में प्रचार के लिए जाएंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News