Himachal: ऊना में 21 फरवरी को हाेने जा रहा ये बड़ा आयाेजन, 35 हजार लाेगाें के साथ खुद सड़क पर उतरेंगे CM सुक्खू
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 12:18 PM (IST)
ऊना: हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाए जा रहे व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत 21 फरवरी को ऊना में 'एंटी चिट्टा वॉकथॉन' का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने डीआरडीए हॉल में अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इंदिरा गांधी स्टेडियम से सीएम दिखाएंगे हरी झंडी
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 फरवरी को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम ऊना पहुंचेंगे। वे स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल होकर एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और खुद भी इसमें पैदल चलेंगे। यह वॉकथॉन इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर ऊना बाजार का चक्कर लगाते हुए वापस स्टेडियम में संपन्न होगी।
35 हजार लोग होंगे शामिल, 500 बसों का इंतजाम
इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। वॉकथॉन में जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र (विशेषकर 9वीं से 12वीं कक्षा), कॉलेज के विद्यार्थी, नशा निवारण समितियां और आम जनता सहित लगभग 35,000 लोग भाग लेंगे। छात्रों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा करीब 500 बसों का इंतजाम किया गया है।
हार्मनी ऑफ द पाइन्स बैंड बांधेगा समां
कार्यक्रम के दौरान हिमाचल पुलिस का मशहूर बैंड हार्मनी ऑफ द पाइन्स अपनी प्रस्तुति देगा। सुबह से ही बैंड अपने गीतों और संगीत के माध्यम से युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करेगा। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्यमंत्री के आगमन तक जारी रहेगा।
युवाओं को दिलाएंगे शपथ
इस मौके पर मुख्यमंत्री उपस्थित जनसमूह और युवाओं को नशे (चिट्टा) से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ भी दिलाएंगे। प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर को इस पूरे अभियान के लिए ओवरऑल नोडल अधिकारी बनाया गया है।

