Chamba: दुष्कर्म मामले का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, शादी का झांसा देकर युवती से की थी दरिंदगी
punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 07:35 PM (IST)
तीसा (सुभानदीन): शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने उसके घर दबिश दी थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। बुधवार को आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गया। इसके साथ ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल भी करवाया। अब आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि तीसा थाना में एक लड़की ने शिकायत दर्ज करवाई है कि आरोपी उसके साथ बद्दी में काम करता था, जहां पर उनकी दोस्ती हो गई। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसने शारीरिक संबंध बनाए। वहीं आरोपी युवक ने 2 महीने तक उसे अपने घर पर भी रखा। उसके बाद शादी से मुकर गया और युवती को अपने घर से निकाल दिया। यही नहीं, आरोपी द्वारा पीड़िता से मारपीट भी की गई। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

