Sirmaur: कालाअंब में तेज रफ्तार कंटेनर ने उड़ाया बैरियर, जान बचाकर भागे कर्मचारी, CCTV में कैद हुआ हादसा
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 12:05 PM (IST)
कालाअंब/नाहन (आशु): हिमाचल प्रदेश और हरियाणा की सीमा पर स्थित कालाअंब में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने इंटर-स्टेट बैरियर (चैक पोस्ट) पर जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में चैक पोस्ट का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे में दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता के कारण एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 4:20 बजे की है। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज के अनुसार, एक बेकाबू और तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक सीधे इंटर-स्टेट बैरियर की तरफ आता हुआ दिखाई देता है। खतरे को भांपते हुए बैरियर पर खड़े लोग तुरंत पीछे की ओर भागते हैं और चंद सैकेंड के भीतर ही ट्रक चैक पोस्ट से जा टकराता है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय चैक पोस्ट पर एआरटीओ कार्यालय का एक कर्मचारी और तीन अन्य कर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। कर्मचारियों ने ट्रक को अपनी तरफ तेजी से आता देख लिया था, जिससे वे समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट गए। यदि वे कुछ सैकेंड और वहां खड़े रहते तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे। हालांकि, इस दौरान दो लोगों को चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगा रही है। जांच के मुख्य बिंदुओं में ट्रक की गति, ब्रेक फेल होने की आशंका और चालक की स्थिति शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कालाअंब हिमाचल और हरियाणा को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त औद्योगिक सीमा क्षेत्र है। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में भारी व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही होती है। इस दुर्घटना के बाद इंटर-स्टेट बैरियर पर रात-दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

