Himachal: पंजाब के लुधियाना में भयानक हादसा, चम्बा के युवक की गई जान...परिवार में मची चीख-पुकार
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 11:52 AM (IST)
चम्बा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। परिवार की जिम्मेदारियां उठाने और रोजी-रोटी कमाने के लिए पंजाब के लुधियाना गए एक 26 वर्षीय युवक की काम के दौरान करंट लगने से मौत हो गई है। इस मनहूस खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत बरंगाल के चिन्ना गांव निवासी अजय ठाकुर पुत्र प्रवीण ठाकुर रोजगार के सिलसिले में पंजाब के लुधियाना में रह रहा था। वह वहां एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि अजय ड्यूटी पर अपने नियमित काम में व्यस्त था, तभी अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि आसपास मौजूद लोगों ने अजय को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अजय की असामयिक मौत की खबर जैसे ही चम्बा स्थित उसके पैतृक गांव पहुंची तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। जवान बेटे के निधन से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को यकीन ही नहीं हो रहा है कि घर का जो कमाऊ और हंसमुख सदस्य कुछ ही घंटों पहले तक ठीक था, वह अब उनके बीच नहीं रहा। इस दुखद घटना से पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों ने नम आंखों से बताया कि अजय ठाकुर बेहद मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार स्वभाव का युवक था। वह अपनी मेहनत की कमाई से परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रहा था। युवा उम्र में ही उसने अपने और परिवार के उज्जवल भविष्य के लिए कई सपने संजो रखे थे, लेकिन करंट के उस एक झटके ने न केवल अजय की सांसें छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

