आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ चलाया पोस्टर अभियान

punjabkesari.in Thursday, Mar 30, 2023 - 06:18 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): आम आदमी पार्टी की तरफ से शिमला में केंद्र सरकार के खिलाफ पोस्टर अभियान चलाया गया। पार्टी के शिमला लोकसभा प्रभारी चमन राकेश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिमला के बाजारों में केंद्र सरकार के खिलाफ पोस्टरों को चिपका कर अपना विरोध दर्ज करवाया। उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतंंत्र का गला घोंट रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस तरह के पोस्टर लगाने पर उनकी पार्टी के खिलाफ 138 एफआईआर दर्ज हुई है। इसके विरोध में पार्टी शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में इस अभियान को चला रही है। 

अडानी सहित अन्य पूंजीपतियों को संरक्षण प्रदान कर रही केंद्र सरकार
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अडानी सहित अन्य पूंजीपतियों को संरक्षण प्रदान कर रही है। इसके विपरीत किसान, बेरोजगार एवं आम आदमी की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अदानी के खिलाफ आवाज उठाने पर राहुल गांधी की सदस्यता एवं उनका बंगला छीनने के पीछे केंद्र सरकार का हाथ है। इसके अलावा जो भी नेता केंद्र सरकार के खिलाफ बोलता है, उसके पीछे केंद्रीय एजैंसियों को लगाया जाता है। उन्होंने भाजपा पर देश को जाति एवं धर्म के आधार पर बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज सभी राजनीतिक दलों को केंद्र सरकार के खिलाफ एकजुट होने की आवश्यकता है। ऐसा करके ही लोकतंत्र को बचाया जा सकता है।

केंद्र सरकार की लोकप्रियता से विपक्ष में बौखलाहट : नंदा
हिमाचल प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की लोकप्रियता से आम आदमी पार्टी सहित अन्य राजनीति दलों में बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता एक संवैधानिक व्यवस्था के तहत गई है और ऐसा करने पर पहले भी कई नेता अपनी सदस्यता को गंवा चुके है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रहने वाले जेल की सलाखों के पीछे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रदेश में कोई जनाधार नहीं है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News