Kullu News: मनाली के मालरोड पर गाड़ी दौड़ाना पड़ा महंगा, एक वायरल वीडियो और कट गया ₹20,000 का चालान
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 03:02 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): कुल्लू जिले के मनाली में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने और हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। मनाली के सबसे प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाके माल रोड पर गाड़ी दौड़ाना एक वाहन चालक को इतना महंगा पड़ा कि उसे यह सफर जिंदगी भर याद रहेगा। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर चंडीगढ़ नंबर के वाहन का 20,000 रुपए का चालान काटा है।
जानकारी के अनुसार घटना बीती रात करीब 10:30 बजे की है। मनाली का माल रोड पूरी तरह से नो एंट्री जोन है, जो केवल पैदल चलने वालों और पर्यटकों की सुविधा के लिए है। इसके बावजूद, नियमों को ठेंगा दिखाते हुए एक चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी इस प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गई। इस दौरान किसी ने मोबाइल से इस घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही मनाली पुलिस और कुल्लू आरटीओ विभाग तुरंत हरकत में आ गए। पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए गाड़ी के नंबर के आधार पर वाहन की पहचान की। इसके बाद मुख्य आरक्षी मेहर चंद ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194/115 (नो एंट्री/वन-वे का उल्लंघन) के तहत तुरंत 20,000 रुपए का ऑनलाइन ई-चालान काट दिया।

नियम तोड़े तो खैर नहीं : डीएसपी
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि माल रोड विशेष रूप से पर्यटकों और पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए सुरक्षित क्षेत्र है। यहां वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। यातायात नियमों को तोड़ने या हुड़दंग मचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, फिर चाहे वह बाहरी राज्य से आया पर्यटक हो या कोई स्थानीय निवासी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

