Kullu: मनाली और मणिकर्ण में 45 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 03:51 PM (IST)
कुल्लू (शम्भू प्रकाश): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। कुल्लू पुलिस ने मनाली और मणिकर्ण घाटी में 2 अलग-अलग मामलों में पंजाब से जुड़े ड्रग नैटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 2 ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं। पुलिस ने इन दोनों मामलों में कुल 45.120 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला मनाली थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और गश्त के दौरान 11.120 ग्राम हैरोइन के साथ चार लोगों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज सिंह (निवासी लाखन के पाड़ा, कपूरथला), हरमनप्रीत सिंह (निवासी नूरपुर डोना, कपूरथला) और दो ट्रांसजेंडर्स आकाशदीप उर्फ माहिनूर (निवासी पतराखुर्द, जालंधर) तथा गुरप्रीत उर्फ हरमन (निवासी देखल, कपूरथला, पंजाब) के रूप में हुई है। तस्करों द्वारा ड्रग सप्लाई के लिए ट्रांसजेंडर्स का इस्तेमाल किए जाने का यह मामला पुलिस के लिए भी चौंकाने वाला है।
नशे की दूसरी बड़ी खेप मणिकर्ण थाना पुलिस ने बरामद की है। मणिकर्ण पुलिस टीम ने सुमारोपा में कटागला बाईफ्रिकेशन के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान चेकिंग के लिए एक कार को रोका गया। कार की गहनता से तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 34 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार को सीज कर लिया। इन आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय युवक (निवासी चौन्दा, मलेरकोटला, पंजाब) और एक अन्य 32 वर्षीय युवक (निवासी गुरदितपुरा, नाभा, पटियाला, पंजाब) के रूप में की गई है।
इन दोनों मामलों में कुल्लू पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया गया है। फिलहाल आरोपियों से रिमांड के दौरान सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के मुख्य सोर्स और कुल्लू में इसके खरीदारों का पता लगाया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

