Shimla: भाजपा ने बदला हिमाचल का सह प्रभारी, संजय टंडन की जगह दर्शना सिंह को दी जिम्मेदारी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 04:50 PM (IST)
शिमला (भूपिन्द्र): भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव करते हुए प्रदेश सह प्रभारी को बदला है। इसके तहत संजय टंडन के स्थान पर दर्शना सिंह को हिमाचल भाजपा का नया सह प्रभारी बनाया गया है। वहीं पच्छाद की भाजपा विधायक रीना कश्यप को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में शामिल करते हुए जम्मू-कश्मीर का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेष से यह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन की टीम में पहली नियुक्ति है। इस बदलाव व नई नियुक्ति से प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक और राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। हालांकि पार्टी ने प्रदेश प्रभारी को नहीं बदला है। प्रभारी के रूप में श्रीकांत शर्मा को पुनः जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने बुधवार को राज्यों के प्रभारियों व सह प्रभारियों की सूची जारी की। हिमाचल प्रदेश की नई सह प्रभारी दर्शना सिंह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं।
वह वर्ष 2008 में सक्रिय राजनीति में आईं तथा वर्ष 2011 में चंदौली जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष बनीं। वर्ष 2013 में महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और 2018 में उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनीं। वह भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रही हैं। वहीं रीना कश्यप जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। पच्छाद से भाजपा विधायक रीना कश्यप 2019 के उपचुनाव में पहली बार विधानसभा पहुंची थीं। वह लगातार दूसरी बार विधायक बनी हैं। रीना कश्यप अब जम्मू-कष्मीर में संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियों में सतीश पूनिया का साथ देंगी। रीना कश्यप को मिली इस जिम्मेदारी को हिमाचल भाजपा में उनके बढ़ते संगठनात्मक कद से जोड़कर देखा जा रहा है।
महिला व दलित समाज को साधने का प्रयास
नई नियुक्ति से पार्टी ने हिमाचल में महिलाओं व दलित वर्ग को साधने का प्रयास किया है। राज्य में अगले वर्ष विधानसभा के आम चुनाव हैं। कांग्रेस ने पिछले चुनावों में महिलाओं को 1500 रुपए देने की घोषणा करके चुनावी समीकरण बदल दिए थे, हालांकि सत्ता में आने के बाद सरकार ने सभी महिलाओं को 1500 रुपए की राशि नहीं दी है तथा अब इसमें शर्तें भी लगा दी हैं। राज्य में आधी आबादी महिलाओं की है। ऐसे में राज्य की सह प्रभारी व हिमाचल से पहली नियुक्ति महिला की करके इस वर्ग को साधने का पार्टी ने प्रयास किया है।

