Sirmaur: CM सुक्खू से मिलने जा रहे कॉलेज छात्रों के साथ हादसा, बोलेरो गाड़ी के उड़े परखच्चे, 5 घायल
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 10:15 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर चिलोन के पास रविवार को एक बोलेरो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें शिलाई व रोनहाट क्षेत्र के कॉलेज के 5 विद्यार्थी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि छात्र संगठन एसएफआई के बैनर तले छात्र नाहन में मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान सतौन से करीब 4 किलोमीटर दूर चिलोन के पास उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलैंस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार 5 घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है। इनमें कार्तिका (22) पुत्री पंच राम निवासी रास्त डाकघर रोनहाट, भारती (20) पुत्री अमर सिंह निवासी कीनू पनोग तहसील शिलाई, सलोनी (17) पुत्री केदार सिंह निवासी मानल डाकघर रोनहाट, पल्लवी (20) पुत्री प्रताप सिंह निवासी कुलह डाकघर जरवा तहसील शिलाई और सतीश पुत्र मदन सिंह निवासी रोनहाट शामिल हैं।
2 छात्राएं गंभीर हालत में हायर सैंटर रैफर
दुर्घटना में घायल 2 छात्राओं पल्लवी व कार्तिका की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सैंटर के लिए रैफर किया गया है, जबकि अन्य 3 घायलों का उपचार सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। उधर पुलिस चौकी राजबन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

